यूपी विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारी में जुटी बसपा, सोनभद्र में बूथ स्तर पर संगठन मजबूत करने की अहम बैठक
सोनभद्र | 14 जून : उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर बहुजन समाज पार्टी (बसपा) ने अपनी संगठनात्मक गतिविधियों को तेज कर दिया है। इसी क्रम में रविवार को विधानसभा घोरावल के सरगा सेक्टर स्थित बनरदेवा बूथ पर पार्टी की महत्वपूर्ण बैठक एवं बूथ गठन कार्यक्रम आयोजित किया गया। बैठक का मुख्य उद्देश्य आगामी चुनावों को देखते हुए बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करना और कार्यकर्ताओं को नई जिम्मेदारियों के साथ सक्रिय करना रहा।कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में बसपा जिलाध्यक्ष अनिश भारती ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि विधानसभा चुनाव में सफलता का आधार मजबूत बूथ संगठन और सक्रिय कार्यकर्ता होते हैं। उन्होंने सभी पदाधिकारियों से गांव-गांव जाकर पार्टी की नीतियों और विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने तथा अधिक से अधिक लोगों को संगठन से जोड़ने का आह्वान किया।
बैठक में विशिष्ट अतिथि के रूप में जिला कार्यकारी सदस्य रमेश कुमार कुशवाहा, विधानसभा अध्यक्ष घोरावल अरविंद कुमार भारती, सरगा जोन प्रभारी प्रदीप कुमार यादव और मीडिया प्रभारी राजू कुमार उपस्थित रहे। सभी वक्ताओं ने संगठन विस्तार, कार्यकर्ताओं के समन्वय और चुनावी रणनीति को लेकर अपने विचार साझा किए।
इस दौरान सेक्टर अध्यक्ष कन्हैया लाल सहित सेक्टर एवं बूथ स्तर के पदाधिकारियों की मौजूदगी में बूथ गठन की प्रक्रिया पूरी की गई। बैठक में आगामी विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए प्रत्येक बूथ पर मजबूत टीम तैयार करने, जनसंपर्क अभियान तेज करने और पार्टी की नीतियों को आम जनता तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने पर विशेष चर्चा हुई।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित कार्यकर्ताओं ने संगठन को और अधिक सशक्त बनाने तथा आगामी विधानसभा चुनाव में पूरी ताकत के साथ मैदान में उतरने का संकल्प लिया। स्थानीय स्तर पर इस बैठक को बसपा की चुनावी तैयारियों की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

No comments:
Post a Comment