'पेपर लीक पर निर्णायक लड़ाई' : कांग्रेस का राष्ट्रीय छात्र अभियान शुरू, 28 शहरों से सरकार को घेरने की तैयारी - Ambedkarite People's Voice

Breaking News

Saturday, June 27, 2026

'पेपर लीक पर निर्णायक लड़ाई' : कांग्रेस का राष्ट्रीय छात्र अभियान शुरू, 28 शहरों से सरकार को घेरने की तैयारी

'पेपर लीक पर निर्णायक लड़ाई' : कांग्रेस का राष्ट्रीय छात्र अभियान शुरू, 28 शहरों से सरकार को घेरने की तैयारी


जयपुर। शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता, समयबद्ध भर्ती प्रक्रिया और लगातार सामने आ रहे पेपर लीक के मामलों को लेकर कांग्रेस ने देशभर में व्यापक छात्र जनसंपर्क अभियान शुरू करने का फैसला किया है। जयपुर में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान पार्टी नेताओं ने "छात्रों की गूंज" अभियान की घोषणा करते हुए इसे युवाओं के भविष्य और शिक्षा व्यवस्था में जवाबदेही की लड़ाई बताया।


पूर्व सांसद अशोक तंवर ने कहा कि अगले 40 दिनों तक देश के 28 प्रमुख शहरों में छात्र-छात्राओं, प्रतियोगी परीक्षा अभ्यर्थियों, कोचिंग संस्थानों और कॉलेज परिसरों तक पहुंचकर उनकी समस्याओं को सुना जाएगा। उन्होंने कहा कि वर्षों की मेहनत के बावजूद पेपर लीक, भर्ती में देरी और परीक्षा प्रक्रिया की अनियमितताओं ने लाखों युवाओं का भरोसा कमजोर किया है। ऐसे में छात्रों की आवाज़ को राष्ट्रीय स्तर पर संगठित करना समय की आवश्यकता है।

NSUI के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़ ने आरोप लगाया कि राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) निष्पक्ष और भरोसेमंद परीक्षा प्रणाली उपलब्ध कराने में विफल रही है। उनका कहना था कि NEET सहित कई परीक्षाओं से जुड़े विवादों ने विद्यार्थियों और उनके परिवारों को मानसिक, आर्थिक और सामाजिक कठिनाइयों का सामना करने पर मजबूर किया है। उन्होंने केंद्रीय शिक्षा मंत्री से नैतिक जिम्मेदारी स्वीकार करने और शिक्षा व्यवस्था में व्यापक सुधार की मांग दोहराई।

पार्टी नेताओं ने बताया कि अभियान के दौरान परीक्षा प्रणाली की सुरक्षा, भर्ती प्रक्रिया का निश्चित वार्षिक कैलेंडर, पेपर लीक मामलों की निष्पक्ष जांच तथा जिम्मेदार लोगों पर सख्त कार्रवाई जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाया जाएगा।

अभियान की शुरुआत 30 जून से छात्र संपर्क कार्यक्रमों और जनसंवाद के साथ होगी। इसके बाद जुलाई भर विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों में संवाद आयोजित किए जाएंगे। 1 अगस्त को देश के 28 शहरों में कलेक्टर कार्यालयों का घेराव किया जाएगा, जबकि 9 अगस्त को दिल्ली में राष्ट्रीय स्तर पर छात्र जुटान के साथ पहले चरण का समापन होगा।

कांग्रेस का दावा है कि यह अभियान केवल विरोध प्रदर्शन तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि शिक्षा व्यवस्था में जवाबदेही, पारदर्शिता और युवाओं के अधिकारों को लेकर देशव्यापी जनआंदोलन का स्वरूप लेगा।

No comments:

Post a Comment