जालौन: कौशल विकास केंद्र में 21 पौधों का रोपण, वृक्षारोपण और स्वच्छता अभियान से दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
जगम्मनपुर (जालौन), 09 जून 2026। उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन के अंतर्गत संचालित कौशल प्रशिक्षण केंद्र, पंडित श्रवण कुमार द्विवेदी महाविद्यालय, जगम्मनपुर में वृहद वृक्षारोपण एवं स्वच्छता अभियान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान आम, पीपल और नीम सहित कुल 21 पौधों का रोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया, वहीं परिसर में स्वच्छता अभियान चलाकर स्वच्छ और स्वस्थ समाज के प्रति जागरूकता पैदा की गई।
इस अवसर पर प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और पौधारोपण के साथ-साथ परिसर की साफ-सफाई में भी सक्रिय भूमिका निभाई। प्रतिभागियों ने पर्यावरण को सुरक्षित रखने और स्वच्छता को जीवनशैली का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि ब्लॉक प्रमुख माधौगढ़ श्री मोहित कुमार दोहरे ने कहा कि आज के समय में पर्यावरण संरक्षण केवल जिम्मेदारी नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के प्रति हमारा कर्तव्य है। उन्होंने युवाओं से अधिक से अधिक वृक्ष लगाने और उनकी देखभाल करने का आह्वान किया।
अपने संबोधन में मनमोहन मिश्रा ने कहा कि पेड़-पौधे पृथ्वी का जीवन आधार हैं। इनके बिना शुद्ध वायु, संतुलित वर्षा और स्वस्थ पर्यावरण की कल्पना संभव नहीं है। उन्होंने स्वच्छता को सामाजिक जिम्मेदारी बताते हुए सभी नागरिकों से अपने आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखने की अपील की। साथ ही उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन के तहत संचालित प्रशिक्षण कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए युवाओं को कौशल विकास के माध्यम से आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के समापन पर सभी अतिथियों, प्रशिक्षकों और विद्यार्थियों ने पर्यावरण संरक्षण तथा स्वच्छता को जनआंदोलन बनाने का संकल्प लिया और भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी अभियानों को निरंतर जारी रखने की प्रतिबद्धता व्यक्त की
कार्यक्रम में ग्राम प्रधान सुनील निषाद, प्रधान प्रतिनिधि हरजेन्द्र सिंह चंदेल, मास्टर सतेंद्र यादव, विवेक सिंह, रिंकू चौरसिया, श्रीमती कल्पना तिवारी, सुश्री प्रिया मिश्रा, विनोद सिंह, अरविंद पहिया, सनिल कुमार (बौद्ध जी) – समाजसेवी एवं क्राइम ब्यूरो चीफ जालौन, प्रदीप कुमार (पत्रकार), कुलदीप यादव, श्री मनमोहन मिश्रा, जाहर सिंह, अनूप सिंह और अंकित सिंह त्यागी सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे। छात्र-छात्राओं में राज शर्मा, प्रशांत नरवरिया, अंकित राठौर, नीलेश कुशवाह और सचिन ने भी सक्रिय भागीदारी निभाई।

No comments:
Post a Comment