कालापीपल गोलीकांड पर गरमाई सियासत, भीम आर्मी-आजाद समाज पार्टी ने कलेक्टर कार्यालय घेरा
शाजापुर। कालापीपल थाना क्षेत्र में हुए कथित गोलीकांड और आरोपियों की गिरफ्तारी में देरी को लेकर भीम आर्मी भारत एकता मिशन एवं आजाद समाज पार्टी ने शाजापुर कलेक्टर कार्यालय का घेराव किया। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि जमीनी विवाद में अहिरवार समाज के लोगों पर हमला और फायरिंग की घटना के बावजूद मुख्य आरोपियों पर प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई है।
प्रदर्शन के दौरान पार्टी के प्रदेश सचिव अरविंद मालवीय ने प्रशासन के समक्ष पीड़ित परिवार को सुरक्षा देने, आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित करने, जिले में भू-माफियाओं के खिलाफ अभियान चलाने तथा तिलावद (मैना) में नियमों के विपरीत संचालित बताए जा रहे ईंट भट्ठे पर कार्रवाई की मांग उठाई।
बाद में पांच सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने एडीएम राजकुमार हल्दर से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। एडीएम ने मांगों को गंभीर बताते हुए एक सप्ताह के भीतर जांच पूरी कर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। प्रशासन के इस आश्वासन के बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ, हालांकि संगठन ने समय पर कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी है।

No comments:
Post a Comment