रामनगर में बाघ का आतंक: स्कूटी सवार दंपति पर अचानक हमला, महिला गंभीर घायल; इलाके में दहशत
जानकारी के अनुसार, ग्राम लूटाबढ़ निवासी रवि शनिवार देर रात अपनी पत्नी बबीता के साथ स्कूटी से बाजार से घर लौट रहे थे। बताया जा रहा है कि घर से कुछ दूरी पहले सड़क किनारे पहले से घात लगाए बैठे बाघ ने अचानक उनकी स्कूटी पर हमला कर दिया।
बाघ के अचानक हमले से दंपति घबरा गए और स्कूटी अनियंत्रित होकर गिर गई। इसी दौरान बाघ ने महिला बबीता की टांग पर हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। पति-पत्नी द्वारा शोर मचाने के बाद बाघ जंगल की ओर भाग गया।
घटना के बाद पति रवि घायल पत्नी को तत्काल रामनगर के सरकारी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसका उपचार किया जा रहा है।
वहीं, घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और घायल महिला से घटना की जानकारी ली। वन विभाग की ओर से इलाके में कर्मचारियों की गश्त शुरू कर दी गई है। साथ ही ग्रामीणों से रात के समय इस मार्ग पर अकेले आवाजाही नहीं करने की अपील की गई है।
बाघ के इस हमले के बाद आसपास के ग्रामीणों में भी भय का माहौल है और लोग वन विभाग से बाघ की गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी की मांग कर रहे हैं।
रामनगर | रिपोर्टर – सुनील कुमार

No comments:
Post a Comment